सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। जालंधर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मनाली दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों और जिला प्रशासन ने यातायात को लेकर विशेष व्यवस्था की है। राष्ट्रपति के अटल टनल रोहतांग और हिडिंबा मंदिर जाने के कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही कुछ घंटों के लिए प्रभावित रहेगी।
सुबह से ही अटल टनल मार्ग पर निगरानी
प्रशासन की ओर से तय व्यवस्था के तहत सुबह 6:30 बजे के बाद सिस्सू से मनाली की ओर आने वाले वाहनों को अटल टनल मार्ग पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों के लिए रोहतांग दर्रे का रास्ता इस्तेमाल करने की व्यवस्था रहेगी।
मनाली से टनल की ओर जाने वाले वाहनों पर भी सुबह 8:30 बजे के बाद रोक लगाई जाएगी। सुरक्षा कारणों से पलचान क्षेत्र में भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।
राष्ट्रपति काफिले के दौरान सीमित रहेगा आवागमन
राष्ट्रपति का काफिला करीब 9:30 बजे पलचान से आगे बढ़ने की संभावना है। काफिले की आवाजाही के दौरान मार्ग पर केवल आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। सामान्य पर्यटक वाहनों के लिए अटल टनल मार्ग दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा।
सुरक्षा प्रबंध समाप्त होने के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से यातायात बहाल किया जाएगा।
हिडिंबा मंदिर के आसपास भी रहेगा ट्रैफिक कंट्रोल
राष्ट्रपति के हिडिंबा मंदिर जाने के कार्यक्रम को देखते हुए दोपहर बाद मनाली शहर में भी यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। दोपहर 3 से शाम 5 बजे के बीच मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों को रोका जाएगा।
मानालसु चौक, घटोत्कच मंदिर, हिडिंबा चौक, रामबाग और लॉग हट्स चौक पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी।
अटल टनल की जानकारी लेंगी राष्ट्रपति
अटल टनल के निरीक्षण के दौरान सीमा सड़क संगठन के अधिकारी राष्ट्रपति को टनल से जुड़ी तकनीकी और रणनीतिक जानकारी देंगे। इसके बाद राष्ट्रपति मनाली लौटेंगी, जहां लंच और विश्राम का कार्यक्रम है। बाद में वह हिडिंबा मंदिर में दर्शन करेंगी।
राष्ट्रपति का रात्रि प्रवास मनाली में प्रस्तावित है। अगले दिन सुबह उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।
पर्यटकों को यात्रा की योजना बदलने की सलाह
प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्रतिबंध वाले समय में अटल टनल जाने से बचें। खासतौर पर सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच टनल की ओर जाने का कार्यक्रम बनाने वाले पर्यटक पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लें। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने को कहा है।



