सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। जालंधर
दिल्ली से अमृतसर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में उस समय सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया, जब रास्ते में ट्रेन पर पत्थर फेंके गए। पथराव की चपेट में आने से एक कोच की खिड़की के तीन शीशे टूट गए। घटना में यात्रियों के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
अमृतसर पहुंचने के बाद रेलवे को मिली जानकारी
ट्रेन संख्या 14679 के अमृतसर पहुंचने के बाद रेलवे स्टाफ ने कोचों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कोच नंबर NR 246321 में सीट 43, 44 और 45 के पास खिड़की के शीशों को नुकसान पहुंचा हुआ मिला। इसके बाद मामले की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल को दी गई।
लुधियाना से पहले पत्थर लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारियों ने माना कि पथराव लुधियाना से पहले ट्रेन के बाईं ओर से हुआ। RPF टीम ने संबंधित ट्रैक और आसपास के क्षेत्र की जांच की, लेकिन मौके से किसी संदिग्ध को पकड़ने में सफलता नहीं मिली।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही टीम
घटना के पीछे कौन लोग थे, इसका पता लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल आसपास उपलब्ध CCTV फुटेज की जांच कर रहा है। टीम घटना की सही जगह निर्धारित करने के साथ आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है।
अज्ञात लोगों पर कानूनी कार्रवाई
RPF ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी उप-निरीक्षक विजयपाल सिंह को बनाया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



