आईएएस-पीसीएस अधिकारियों के बाद अब स्थानीय सरकार विभाग ने नगर निगम काडर में किए तबादले, सहायक कमिश्नर से लेकर इंजीनियरिंग और टाउन प्लानिंग विंग तक बदली तैनातियां
सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
पंजाब में अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पहले आईएएस और पीसीएस अधिकारियों की तैनातियों में बड़े स्तर पर बदलाव के बाद अब स्थानीय सरकार विभाग ने नगर निगमों में तैनात अधिकारियों की नई पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं। 11 नवंबर को जारी आदेशों में विभिन्न नगर निगमों के प्रशासनिक, इंजीनियरिंग और टाउन प्लानिंग विभागों में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में जालंधर नगर निगम भी अहम केंद्र रहा है। यहां तैनात कई अधिकारियों को दूसरे शहरों में भेजा गया है, जबकि अमृतसर, लुधियाना और अन्य शहरों से अधिकारियों को जालंधर में नियुक्त किया गया है।
जालंधर निगम में सहायक कमिश्नर और सचिव की नई तैनाती
तबादला आदेशों के अनुसार विशाल वधावन को अमृतसर से जालंधर में सहायक कमिश्नर लगाया गया है। वहीं जालंधर में तैनात विक्रांत को अमृतसर और राजेश खोखर को होशियारपुर भेजा गया है। निगम सचिव के पद पर सुशांत भाटिया को अमृतसर से जालंधर नियुक्त किया गया है। इस बदलाव से नगर निगम के प्रशासनिक ढांचे में भी नई व्यवस्था लागू होगी।
सहायक कमिश्नरों को अलग-अलग शहरों में भेजा
विभाग ने सहायक कमिश्नर स्तर पर भी कई बदलाव किए हैं। नीरज जैन को लुधियाना से बरनाला, समरेश मेधे को लुधियाना से अमृतसर और वरिंदर जैन को पटियाला भेजा गया है। राजिंदर कुमार शर्मा को अमृतसर से कपूरथला और दलजीत सिंह को अमृतसर से लुधियाना तैनात किया गया है। अनीश बंसल को पटियाला से मोगा और रवदीप सिंह को पटियाला से एसएएस नगर भेजा गया है। सुनील मेहता बठिंडा में ही सेवाएं देंगे, उनसे पटियाला का अतिरिक्त चार्ज वापस ले लिया गया है।
इंजीनियरिंग विंग में बड़े स्तर पर बदलाव
नगर निगमों के इंजीनियरिंग विभाग में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। अधीक्षण अभियंता (एसई सिविल) रजनीश डोगरा को जालंधर से लुधियाना भेजा गया है। राहुल धवन को जालंधर से अमृतसर तैनात किया गया है, उनके पास बटाला का अतिरिक्त चार्ज भी रहेगा। जसपाल को जालंधर से कपूरथला भेजते हुए होशियारपुर का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। दूसरी तरफ प्रवीण कुमार सिंगला और श्याम लाल गुप्ता को लुधियाना से जालंधर भेजा गया है।
इसके अलावा संदीप सिंह रोमाणा को बठिंडा से लुधियाना, रणजीत सिंह को लुधियाना से पटियाला, हरकिरणपाल सिंह को लुधियाना से मोगा, गुरप्रीत सिंह वालिया को पटियाला से बरनाला और राहुल गगनेजा को पठानकोट से मोहाली तैनात किया गया है। मन्धीर सिंह को कपूरथला से लुधियाना और दीपिंदर संधू को बरनाला से बठिंडा भेजा गया है। दीपिंदर संधू को अबोहर का अतिरिक्त चार्ज भी दिया गया है।
एक्सईएन सिविल और ओएंडएम में भी नई पोस्टिंग
एक्सईएन सिविल के पदों पर भी कई अधिकारियों के तबादले हुए हैं। भलिंदर सिंह को अमृतसर से जालंधर, स्वराजइंदर पाल सिंह को अमृतसर से फगवाड़ा और सतविंदर पाल सिंह को अमृतसर से बटाला भेजा गया है। सतविंदर पाल सिंह को कपूरथला का अतिरिक्त चार्ज भी सौंपा गया है।
रामपाल और सुखविंदर सिंह को जालंधर से अमृतसर भेजा गया है, जबकि हरप्रीत सिंह को होशियारपुर से जालंधर नियुक्त किया गया है। राजिंदर कुमार को बठिंडा से मोगा, संजीव शर्मा को लुधियाना से बठिंडा, अरविंदर कुमार को लुधियाना से पटियाला और रमन कौशल को लुधियाना से मोगा भेजा गया है।
राजिंदर कुमार को मोहाली से लुधियाना, कुलजिंदर सिंह को पटियाला से मोहाली, नरैण दास को पटियाला से बरनाला और कुलदीप सिंह को होशियारपुर से पठानकोट तैनात किया गया है। नरैण दास के पास अबोहर और कुलदीप सिंह के पास अमृतसर का अतिरिक्त चार्ज रहेगा। कुलविंदर सिंह को बटाला से होशियारपुर भेजा गया है।
एक्सईएन ओएंडएम में रणबीर सिंह को जालंधर से लुधियाना भेजा गया है। वहीं मनजीत सिंह को अमृतसर से जालंधर नियुक्त किया गया है।
टाउन प्लानिंग विभाग में भी बदला प्रशासनिक ढांचा
म्युनिसिपल टाउन प्लानर स्तर पर संजीव देवगण को पदोन्नति के बाद होशियारपुर में तैनात किया गया है। बलविंदर सिंह को कपूरथला से मोगा भेजा गया है और उनसे फगवाड़ा का अतिरिक्त चार्ज वापस ले लिया गया है। विजय कुमार अबोहर में पहले की तरह काम करते रहेंगे। इंद्रजीत सिंह को लुधियाना से बरनाला भेजा गया है। उनसे लुधियाना और अबोहर का अतिरिक्त चार्ज वापस ले लिया गया है।
सीनियर टाउन प्लानरों को रीजन के अनुसार सौंपी जिम्मेदारी
सीनियर टाउन प्लानर स्तर पर भी पदोन्नति और तबादलों के बाद नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। तेजप्रीत सिंह को अमृतसर और जालंधर रीजन से फिरोजपुर रीजन भेजा गया है। कमलजीत कौर को फिरोजपुर और बठिंडा रीजन से इन्वेस्ट पंजाब में तैनात किया गया है।
पदोन्नति के बाद मेहर्बान सिंह को अमृतसर रीजन, नरेश कुमार को नॉर्थ जोन रीजन, नीरज भट्टी को पटियाला रीजन और सुरिंदर सिंह बिंद्रा को साउथ जोन रीजन की जिम्मेदारी दी गई है। लखबीर सिंह को जालंधर रीजन का प्रभार सौंपा गया है। उनके अधीन नगर निगम जालंधर के साथ जालंधर और एसबीएस नगर जिले रहेंगे। नरिंदर शर्मा को मुख्य कार्यालय के सीवीओ सेल में तैनात किया गया है। उनके पास बठिंडा रीजन का अतिरिक्त चार्ज भी रहेगा।
लगातार दूसरे दिन बदली अधिकारियों की जिम्मेदारियां
स्थानीय सरकार विभाग के इन आदेशों से पंजाब के विभिन्न नगर निगमों में प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर बदलाव हुआ है। खास बात यह है कि लगातार दूसरे दिन अधिकारियों की तैनातियों में बड़ा फेरबदल किया गया है। पहले आईएएस और पीसीएस अधिकारियों की पोस्टिंग बदली गई और अब नगर निगमों के अधिकारियों को नई जगहों पर जिम्मेदारी दी गई है। जालंधर में भी प्रशासनिक और इंजीनियरिंग विंग के कई पदों पर बदलाव के बाद अब नई टीम के सामने शहर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और नगर निगम के अन्य कार्यों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।



