सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
संपत्ति और पैसों के लालच में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। फरीदकोट में एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बेटे और बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि बेटे ने साथियों के साथ मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने पहले बुजुर्ग को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपितों ने साफे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने में बेटे-बहू के साथ तीन अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि परिवार में संपत्ति अपने नाम करवाने और पैसों की मांग को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप है।
पुलिस ने बेटे और बहू समेत पांच आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आरोपितों की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है।



