सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रभावित, किशनपुरा से लेकर मिलाप चौक तक पुलिस ने बनाए डायवर्जन पॉइंट
सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। जालंधर
जालंधर। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर जालंधर में 21 नवंबर को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। शनिवार को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी, जबकि दूसरे रास्तों से ट्रैफिक को निकाला जाएगा।
मॉडल टाउन से शुरू होगी नगर कीर्तन यात्रा
नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मॉडल टाउन गोबिंदगढ़ से होगी। यहां से नगर कीर्तन विभिन्न इलाकों से गुजरता हुआ गुरुद्वारा श्री दीवान अस्थान, मोता सिंह नगर में पहुंचकर संपन्न होगा। यात्रा के दौरान अमृतसर कॉलोनी, बीएसएनएल, रेलवे रोड, मंडी फैंटनगंज, मोता सिंह नगर, मिलाप चौक, भगत सिंह चौक, पंज पीर चौक, बस्ती अड्डा, गुजरालपुरा, माई हीरां गेट, गुरुद्वारा वाल्मीकि गेट, पटेल चौक, सब्जी मंडी चौक और जालंधर चौक सहित कई मार्गों से नगर कीर्तन गुजरेगा।
शहर के इन इलाकों में वाहन चालकों को होगी परेशानी
पुलिस की ओर से जारी योजना के तहत मदन फ्लोर मिल चौक, अलास्का चौक, रेलवे स्टेशन टी-प्वाइंट और इकहरी पुली (दमोरिया पुल) पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा किशनपुरा चौक, किशनपुरा रेलवे फाटक, दोआबा चौक, दोआबा रेलवे फाटक, पटेल चौक और वर्कशॉप चौक पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी।
इसी तरह कपूरथला चौक, चिक-चिक चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर मोड़, फुटबॉल चौक, शक्ति नगर टी-प्वाइंट, नकोदर चौक, स्काईलार्क चौक और प्रीत होटल मोड़ पर भी वाहन चालकों को पुलिस के निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ना होगा।
इसके साथ ही फुटबॉल चौक के पास मखदूमपुरा गली, प्लाजा चौक, कंपनी बाग चौक (पीएनबी चौक), मिलाप चौक और शास्त्री मार्केट चौक को भी ट्रैफिक डायवर्जन योजना में शामिल किया गया है।
बाजारों और मुख्य सड़कों पर जाने से पहले रूट की जानकारी लें
नगर कीर्तन के चलते शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख चौकों के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रेलवे स्टेशन, किशनपुरा, दोआबा चौक, बस्ती अड्डा, माई हीरां गेट और पटेल चौक की तरफ जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय के दौरान नगर कीर्तन के रास्तों का इस्तेमाल करने से बचें और वैकल्पिक लिंक सड़कों से अपनी मंजिल तक पहुंचें।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर किए विशेष इंतजाम
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों के तहत ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें और धार्मिक आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
यातायात संबंधी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए लोग ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 0181-2227296 पर संपर्क कर सकते हैं।



