HomePoliticalपंजाब चुनाव के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, जनता के सुझावों...

पंजाब चुनाव के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, जनता के सुझावों से तैयार होगा घोषणा पत्र

BJP’s ‘Sankalpnama’ (manifesto/pledge) van will travel from villages to cities; the Punjab election manifesto will be released in December.

हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाने की योजना, संकल्पनामा वैन के जरिए जुटाए जाएंगे सुझाव; 117 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी

सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा

पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इस बार पार्टी चुनावी घोषणा पत्र को जनता की समस्याओं और मांगों के आधार पर तैयार करने की योजना बना रही है। इसके लिए भाजपा प्रदेशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाएगी। संकल्पनामा वैन गांवों और शहरों में जाकर लोगों से उनकी राय लेगी। इसके साथ ही विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सुझाव पेटियां रखी जाएंगी। पार्टी का लक्ष्य दिसंबर के मध्य तक चुनावी घोषणा पत्र जारी करना है।

रविवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने इस पूरी योजना का खाका पेश किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, एचएस फुल्का, सांसद सतनाम संधू, सांसद राजेंद्र गुप्ता, मनोरंजन कालिया, अश्विनी सेखड़ी, सोमप्रकाश और परमपाल कौर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

भाजपा ने आम नागरिकों को अपने सुझाव पार्टी तक पहुंचाने के लिए डिजिटल और फोन आधारित व्यवस्था भी शुरू की है। इसके तहत 079-7194-3333 पर कॉल करके सुझाव दिए जा सकते हैं। 9913-002027 पर मिस्ड कॉल करने वालों से पार्टी का कॉल सेंटर संपर्क करेगा। वहीं 75085-60065 व्हाट्सएप नंबर पर भी लोग अपनी बात रख सकेंगे। इसके अलावा क्यूआर कोड स्कैन करके ऑनलाइन सुझाव भेजने की सुविधा दी गई है।

पार्टी नेताओं के मुताबिक पंजाब के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों को समझकर ही चुनावी दस्तावेज तैयार किया जाएगा। इसमें युवाओं के रोजगार, उद्योगों की स्थिति, किसानों की समस्याओं, आर्थिक विकास और शहरों व गांवों की बुनियादी सुविधाओं जैसे विषयों को जगह देने की योजना है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह आगामी चुनाव में प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य की आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में विकास की रफ्तार कमजोर हुई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य विकास के मामले में 22वें स्थान पर पहुंच गया है। उनके अनुसार मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पंजाब पर कर्ज दोगुना हो चुका है। उन्होंने नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऐसी सरकार की जरूरत है, जो विकास के साथ-साथ आमदनी बढ़ाने पर भी ध्यान दे। उन्होंने डबल इंजन सरकार की वकालत करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से प्रदेश की विकास परियोजनाओं को गति मिल सकती है।

भाजपा नेताओं ने मुफ्त सुविधाओं के मुद्दे पर भी अपना पक्ष रखा। उनका कहना था कि लोगों को बिजली, पानी और दूसरी जनकल्याणकारी सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इनके लिए आर्थिक संसाधन जुटाना भी उतना ही जरूरी है। पार्टी सत्ता में आने पर मौजूदा जनकल्याणकारी सुविधाओं को बंद करने के बजाय राज्य की आय बढ़ाने के विकल्पों पर काम करने का दावा कर रही है।

वहीं, उम्मीदवारों के चयन और सूची जारी करने को लेकर पूछे गए सवाल पर नेताओं ने कहा कि इस संबंध में फैसला उचित समय पर लिया जाएगा। फिलहाल पार्टी संगठन का ध्यान चुनावी मुद्दों की पहचान करने और जनता से अधिक से अधिक सुझाव प्राप्त करने पर केंद्रित है। भाजपा का कहना है कि दिसंबर के मध्य तक संकल्पनामा जारी कर पंजाब के सामने अपना चुनावी रोडमैप रखा जाएगा।

SourceCNE NEWS
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments