सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
Jalandhar के 66 फीट रोड स्थित जालंधर हाइट्स-1 में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब 12वीं कक्षा के एक छात्र पर हथियारबंद नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। वारदात क्लब हाउस के नजदीक हुई, जिसमें छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
परिचित से मिलने आया था छात्र, अचानक घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार घायल छात्र आरुष अपने एक परिचित से मिलने जालंधर हाइट्स आया था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और छात्र के साथ बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और करीब दर्जनभर युवकों ने छात्र को चारों तरफ से घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों के हाथों में तेजधार हथियार थे, जिनसे बेसमेंट एरिया के पास छात्र पर हमला किया गया।
बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों में पहुंचे आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी बिना नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कारों में पहुंचे थे। पहले उन्होंने अपनी गाड़ियां बेसमेंट में खड़ी कीं और फिर छात्र को बाहर बुलाया। जैसे ही आरुष वहां पहुंचा, युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से सोसाइटी में मौजूद लोग दहशत में आ गए।
मामूली बात को लेकर बढ़ा विवाद
घायल छात्र के परिवार ने आरोप लगाया है कि विवाद बेहद मामूली बात को लेकर शुरू हुआ। परिवार के मुताबिक कुछ युवकों को यह बात पसंद नहीं आई कि छात्र उनकी तरफ देख रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और बाद में हमला कर दिया गया। परिजनों ने दावा किया है कि हमलावरों में शहर के एक कारोबारी परिवार से जुड़े युवक भी शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। बताया जा रहा है कि गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर धमकियां देते हुए फरार हो गए। खास बात यह है कि वारदात पुलिस चौकी के नजदीक हुई, इसके बावजूद आरोपी आसानी से निकल गए।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
हमले में घायल छात्र को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी
जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों समेत अन्य युवकों की तलाश जारी है। पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।



