HomePunjabकल जेल से बाहर आ सकते हैं सांसद अमृतपाल सिंह, दादी के...

कल जेल से बाहर आ सकते हैं सांसद अमृतपाल सिंह, दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मांगी पैरोल

आज अदालत में होगी याचिका पर सुनवाई, 14 से 17 नवंबर तक अस्थायी रिहाई देने की मांग; परिवार को अदालत के फैसले का इंतजार

सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा

जालंधर। खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह की अस्थायी रिहाई को लेकर शुक्रवार का दिन अहम रहने वाला है। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत से अंतरिम जमानत मांगी है। उनकी याचिका पर आज अमृतसर की अदालत में सुनवाई होनी है। यदि अदालत उनकी मांग स्वीकार कर लेती है तो वह शनिवार को जेल से बाहर आ सकते हैं। हालांकि, उनकी रिहाई का अंतिम फैसला अदालत के आदेश पर निर्भर करेगा।

दरअसल, अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का दिवाली के दिन निधन हो गया था। उनके निधन की खबर के बाद परिवार ने अमृतपाल सिंह की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई थी। इसी वजह से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रोककर रखा गया है। परिवार चाहता है कि अमृतपाल सिंह को कुछ दिनों के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति मिले, ताकि वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रस्मों में शामिल हो सकें।

चार दिन की मांगी गई अंतरिम जमानत

अमृतपाल सिंह की तरफ से अदालत में 14 नवंबर से 17 नवंबर तक अंतरिम जमानत देने की मांग की गई है। परिवार की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार 14 नवंबर को अंतिम संस्कार, 15 नवंबर को धार्मिक रस्में और 17 नवंबर को भोग एवं अंतिम अरदास का कार्यक्रम रखा जाना प्रस्तावित है। याचिका में परिवार के अन्य दो सदस्यों को भी राहत देने की मांग की गई है।

सरकार के जवाब पर भी रहेगी नजर

इस मामले में अदालत की ओर से पंजाब सरकार को अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार की रिपोर्ट और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत अंतरिम जमानत पर फैसला ले सकती है। ऐसे में शुक्रवार को होने वाली सुनवाई पर अमृतपाल सिंह के परिवार और समर्थकों की निगाहें लगी हुई हैं।

अंतिम संस्कार के लिए परिवार कर रहा इंतजार

दादी के निधन के बाद से ही परिवार की ओर से अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में शामिल करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी पत्र लिखकर मानवीय आधार पर राहत देने की अपील की गई थी। अब सबकी नजर अदालत के आदेश पर है। यदि पैरोल या अंतरिम जमानत मिलती है तो अमृतपाल सिंह शनिवार को डिब्रूगढ़ जेल से बाहर आकर पंजाब पहुंच सकते हैं।

SourceCNE NEWS
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments