CENTRE NEWS EXPRESS (15 JANUARY) DESRAJ
दिल्ली और एनसीआर में वायु गुणवत्ता की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। 14 जनवरी को दिल्ली का AQI 275 दर्ज किया गया था, जो 15 जनवरी को बढ़कर 386 हो गया। 16 जनवरी को यह 396 के गंभीर स्तर पर पहुंच गया। CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अनुसार, 301-400 के बीच AQI को ‘बहुत खराब’ और 401-500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। इसके मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर में GRAP-4 के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं।
GRAP-4 के तहत क्या हैं पाबंदियां?
- स्कूलों को हाईब्रिड मोड में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
- निर्माण और तोड़फोड़ की सभी गतिविधियां बंद रहेंगी।
- पब्लिक प्रोजेक्ट्स जैसे रेलवे कार्य को छूट दी गई है।
- पत्थर तोड़ने और खनन की सभी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक।
- BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल गाड़ियों के संचालन पर रोक।
- दिल्ली में ट्रकों की एंट्री पर प्रतिबंध, हालांकि आवश्यक सामान वाले ट्रकों को छूट।
- केवल आवश्यक औद्योगिक गतिविधियों को ही अनुमति।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में घने कोहरे ने विजिबिलिटी बेहद कम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हवाई यातायात में सात उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 184 उड़ानें देरी से रवाना हुईं। रेल यातायात में 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं और छह ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव किया गया है।
IMD का बारिश और ठंड का अलर्ट
भारी ठंड और घने कोहरे के बीच IMD ने 19 जनवरी तक देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नागरिकों के लिए प्रशासन की अपील है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। मास्क का इस्तेमाल करें और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों से बचें। वायु गुणवत्ता बेहतर होने तक आवश्यक प्रतिबंधों का पालन करें। दिल्ली सरकार ने नागरिकों से पॉल्यूशन कंट्रोल में सहयोग की अपील की है। GRAP-4 के लागू होने से प्रशासन वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए गंभीर कदम उठा रहा है।



