CENTRE NEWS EXPRESS (26 MARCH DESRAJ)
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार का चौथा बजट पेश किया। उन्होंने ‘मेरा पंजाब, बदलता पंजाब’ थीम पर ₹2.36 लाख करोड़ का बजट रखा। ये पिछली बार से करीब 15% ज्यादा है। बजट में महिलाओं को 1,100 रुपए देने का ऐलान नहीं किया गया। चुनाव से पहले AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसकी गारंटी दी थी।
बजट में सरकार का फोकस नशे पर रहा। ₹150 करोड़ रुपए से सरकार ड्रग जनगणना कराएगी, इसका मतलब पंजाब में नशा कर रहे लोगों की गिनती की जाएगी। सेहत बीमा कवर योजना के तहत 65 हजार परिवारों को ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। सरकार इंडस्ट्री के लिए नई पॉलिसी लाएगी। इसके प्रोत्साहन के लिए 250 करोड़ रखे हैं। 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना जारी रहेगी। इसके लिए बजट में 7,614 करोड़ रखे गए हैं। पंजाब अनुसूचित जाति भूमि विकास एवं वित्तीय निगम (PSCFC) से लिए गए लोन को माफ किया है। इससे 4,650 लोगों को फायदा होगा। साथ ही सरकार ने किसी नए टैक्स का भी ऐलान नहीं किया। इससे पहले हरपाल सिंह चीमा ने सुबह अपने सरकारी आवास पर बजट की कॉपी साइन की। इसके बाद उन्होंने CM भगवंत मान के घर जाकर उनसे मुलाकात की।
राजस्व को 63% फायदा हुआ
हरपाल चीमा ने कहा- राजस्व विभाग बहुत अच्छा काम कर रहा है। आबकारी विभाग राजस्व का 10 हजार 350 करोड़ हो गया है। इसमें 63 फीसदी फायदा हुआ है। अगले साल के लिए 11200 करोड़ का लक्ष्य एक्साइज पॉलिसी में रखा है। राजस्व बढ़ाने के लिए 2022 में जीएसटी में 62 बढ़ने की उम्मीद है। अब यह 25 हजार 502 करोड़ हो गया है। इसके अलावा कई मुहिम शुरू की हैं। 27,650 करोड़ का लक्ष्य जीएसटी से रखा गया है।
वैट के निपटारे के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लेकर आए हैं। इस योजना के तहत 70 हजार 313 डीलरों का फायदा हुआ है। सरकारी खजाने में 164 करोड़ आए। पिछली सरकार भी 2 ओटीएस स्कीम लेकर आईं। दोनों स्कीमों में 13 करोड़ का राजस्व आया था।
176 गांव में पाइप से पानी पहुंचाएंगे
हरपाल चीमा ने बताया कि जल सप्लाई व सेनिटेशन के लिए 1614 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। 176 गांवों में पाइपों के माध्यम से पीने का पानी मुहैया करवाया जाएगा। रावी नदी पर शाहपुर कंडी डैम का काम आगे बढ़ रहा है। इससे लाइट और सिंचाई में फायदा होगा। रूपनगर, एमबीएस नगर, मोहाली और पठानकोट में टयूबवेल लगाए जाएंगे।
जेलों में AI कैमरे लगाए जा रहे
चीमा ने कहा- सड़क सुरक्षा फोर्स का रिजल्ट बहुत अच्छा रहा है। इस वजह से 48 फीसदी सड़क हादसों के दौरान होने वाली मौत कम हुई हैं। जेल विभाग के लिए 11 हजार 560 करोड का बजट रखा गया है। इसके अलावा जेलों AI कैमरे लगाए जा रहे हैं। 2,200 से कैदियों को विद्यक में दाखिल दिया गया है। जेलों के नवीनीकरण व अपग्रेडेशन के लिए 100 करोड रुपए का बजट रखा गया है।
पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए 233 करोड़ रखे गए हैं। इससे पुलिस लाइनों के निर्माण व अन्य चीजों पर पैसा खर्च होगा। ज्यूडिशियल सिस्टम को बढ़ाने के लिए डेराबस्सी, खन्ना व पातड़ा में 132 करोड़ से ज्यूडिशियल कांप्लेक्स बनाए जाएंगे।
पुल व सड़कों के निर्माण पर काफी अच्छा काम किया जा रहा है। 2718 किलोमीटर सड़कों के लिए 855 करोड़ खर्च किए जाएंगे। पुलों के काम पर 155 करोड़ अलॉट किए हैं। 200 किलोमीटर व पांच बड़े पुलों के लिए 190 करोड़ रुपए रखे गए है। 1300 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के लिए 600 करोड़ बजट रखा गया है।
मेडिकल क्षेत्र के लिए 1,336 करोड़ बजट
चीमा ने बताया कि मेडिकल क्षेत्र के लिए सरकार ने 1,336 करोड़ का बजट रखा गया है। यह बजट गत साल से 27 फीसदी अधिक है। पंजाब की यूनिवर्सिटी व कॉलेजों के लिए 1650 करोड़ का बजट तय किया है। रोजगार व सिखलाई के लिए साल 1469 प्लेसमेंट कैंप लगाए गए है। 45 हजार को नौकरी दी है। 51,651 लोगों को सरकारी नौकरी दी है। इस क्षेत्र के लिए 230 करोड़ का बजट है, जो पिछले साल की तुलना में 50 फीसदी अधिक है।
सैर सपाटा व सभ्याचारक क्षेत्र के लिए राम तीर्थ अमृतसर 33 करोड़ की लागत से भगवान राम तीर्थ पैनोरमा स्थापित की है। 7 अक्टूबर 2024 को इसका शुभारंभ हुआ है। श्री गुरु तेगबहादुर के 350 शहीदी दिवस को समर्पित पूरा साल यादगारी समागम आयोजित किए जाएंगे। उनके द्वारा स्थापित आनंदपुर साहिब की तरफ विशेष ध्यान दिया जाएगा। नंगल को शहर को सैर सपाटा के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए दस करोड़ का बजट रखा गया है। शहीद भगत सिंह नगर में 54 करोड़ से हैरिटेज स्ट्रीट स्थापित की जाएगी। इस क्षेत्र के लिए 205 करोड़ का बजट रखा गया है।
-शिक्षा के लिए 17,925 करोड़ बजट रखा
हरपाल चीमा ने कहा- एजुकेशन के क्षेत्र ग्रीन स्कूल प्रोग्राम के तहत होशियारपुर ने पुरस्कार हासिल किया है। मिशन समर्थ के तहत 14 लाख स्टूडेंट्स का फायदा हुआ है। प्री प्राइमरी व 12वीं तक मेगा पीटीएम आयोजित की गईं। इसमें 21 लाख पेरेंटस ने हिस्सा लिया। शिक्षा विभाग के 354 प्रिंसिपल, हेड मास्टर व अध्यापकों को सिंगापुर, फिनलैंड जैसे देशों से ट्रेनिंग दिलाई है। इससे एजुकेशन सिस्टम मजबूत होगा। साल 2025-26 के लिए 17,925 करोड़ का बजट रखा है।
425 स्कूलों को स्कूल ऑफ हैप्पीनेस में बदला जा रहा है। पंजाब यंग एंटर प्रेन्योरशिप जैसे प्रोग्राम शुरू किए हैं। 4098 स्कूलों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। इनक्लूसिव विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। कैंपस मैनेजर, सिक्योरिटी गार्ड रखे गए है। साथ ही समग्र शिक्षा, पोषम मुहिम, किताबों के अलग बजट रखा जाएगा।
उच्च शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल व लर्निंग सुविधा प्रोग्राम पर जोर दिया जाएगा। बजट रूसा स्कीम 199 करोड़, बुनियादी सुविधा के लिए 160 करोड़ का बजट रखा गया है। साल 2024-25 में ITI में 5 हजार नई सीटें शुरू की गईं। पुराने आउटडेटेड कोर्स खत्म कर दिए। इंडस्ट्री की जरूरत के हिसाब से नए कोर्स शुरू किए है। 579 करोड़ का बजट इस क्षेत्र के लिए रखा गया है। 33 करोड़ की लागत से नई ITI खोली जाएंगी।
कृषि क्षेत्र में बिजली सब्सिडी देंगे
हरपाल चीमा ने कहा- राज्य के किसानों की सहायता के लिए कृषि क्षेत्र को बिजली सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में इसके लिए 9,992 करोड़ रखे गए हैं। पशुओं की सेहत सुविधाओं के पायलट प्रोजेक्ट जिले चुने हैं। इसके लिए 704 करोड़ का बजट रखा गया है। गन्ने का खरीद मूल्य 401 रुपए प्रति क्विंटल किया था। यह पूरे देश में सबसे ज्यादा था। 2023-24 का बकाए का भुगतान कर दिया है। इससे राहत मिली है। इस सहायता को जारी रखने 250 करोड़ का बजट रखा है। दूध उत्पादकों के लिए 100 करोड़ रुपए का बजट रखा है। जंगलात व जंगली जीवों की रक्षा के लिए 3 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। 268 नानक बगीची स्थापित की है। इको टूरिज्म पर काम किया जा रहा है। इसके 281 करोड़ का बजट रखा गया है।
इंडस्ट्री के लिए नई पॉलिसी लाएगी सरकार
हरपाल चीमा ने कहा- पंजाब में निवेश में तेजी से वृद्धि हो रही है। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद निवेशकों का विश्वास बढ़ा है। पिछले 3 वर्षों में कुल ₹96,836 करोड़ का निवेश राज्य में आया है। औद्योगिक क्षेत्र अब राज्य की अर्थव्यवस्था में 27 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। जिला-स्तरीय बैठकों के माध्यम से नई औद्योगिक नीति तैयार की गई है, जिसने टाटा स्टील और संथान समूह जैसे बड़े निवेशकों को आकर्षित किया है। वर्तमान बजट में उद्योगों को ₹250 करोड़ के प्रोत्साहन के रूप में वित्तीय सहायता दी गई है, जबकि कांग्रेस सरकार ने केवल ₹53 करोड़ का प्रावधान किया था।
अमृतसर में “यूनिटी मॉल” और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने के लिए ₹120 करोड़ की परियोजनाएं प्रारंभ की गई हैं। लुधियाना में ऑटो पार्ट्स एवं हस्त उपकरण प्रौद्योगिकी के लिए ₹10 करोड़ का उन्नयन किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए औद्योगिक क्षेत्र को कुल ₹3,426 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है।
सरकारी सेवाएं ₹50 में मिलेंगी
वित्त मंत्री चीमा ने कहा- सरकारी सेवाएं ₹50 में मिलेंगी। अभी 406 डोर स्टैप डिलीवरी की फीस 120 रुपए है। लोगों को सिर्फ 50 रुपए देने होंगे। बाकी 70 रुपए पंजाब सरकार देगी।
मुख्यमंत्री स्ट्रीट लाइट योजना लाएंगे
पंजाब में 90 प्रतिशत परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है, जिससे उनका आर्थिक बोझ कम हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बिजली क्षेत्र में ₹7,614 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है, जिसके अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा प्रदान की जाएगी। आजादी के 78 वर्षों के बाद भी कई गांवों में सड़क प्रकाश व्यवस्था नहीं थी; अब “मुख्यमंत्री स्ट्रीट लाइट योजना” के तहत 2.5 लाख सड़क बत्तियां लगाई जाएंगी। उल्लेखनीय है कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) अब देश के राज्यों में सातवें स्थान पर है और पिछले वर्ष के ‘बी’ ग्रेड से सुधार करते हुए ‘ए’ ग्रेड में पहुंच गया है।
347 ई-बस खरीदेंगे
लोगों की आवाजाही बनाने के लिए 347 ई-बसें खरीदी जाएंगी। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, जालंधर व सिविल बस डिपो का इंतजाम किया जाएगा। अमृतसर, लुधियाना के लोगों को अर्बन गवर्नेंस के लिए 300 करोड़ का बजट रखा गया है।
विदेशों की तर्ज पर सड़कें बनेंगी
चीमा ने बताया कि सड़कें विदेशों की तर्ज पर बनाई जाएंगी। अब विश्व स्तरीय सड़कें बनाने का फैसला लिया। जालंधर, लुधियाना, अमृतसर और 50 किलोमीटर सड़कों विदेशों की तर्ज पर बनाई जाएंगी। इसके लिए सरकार ने 5.983 करोड़ बजट रखा है। 166 कस्बों में साफ सफाई, पानी, सीवरेज, स्ट्रीट लाइटें प्रदान के लिए 225 करोड़ रुपए अलॉट किए हैं।
हर जिले में रंगला पंजाब स्कीम लाएंगे
वित्तमंत्री ने कहा- रंगला विकास स्कीम शुरू करने जा रहे हैं। 2022 में इसी कारण लोगों ने हमारी सोच को फतवा दिया था। हर जिले में रंगला पंजाब स्कीम लाएंगे। यह स्कीम DC की अगुआई में चलेगी। यह फंड बुनियादी चीजों पर खर्च किया जाएगा। रंगला पंजाब विकास फंड के लिए 585 करोड़ का फंड रखा गया है। इस स्कीम के तहत 5 करोड़ मिलेंगे।
बदलते पिंड बदला पंजाब लागू करेंगे
चीमा ने कहा- 2 साल में 12,581 गांव के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। बदलते पिंड बदला पंजाब लागू करेंगे। इसमें 5 स्कीमें होगी। गांव के छप्पड़ों की सफाई, सीवरेज ट्रीममेंट स्थापित करना, खेल मैदानों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट लगाना शामिल हैं। यह काम सालों से नहीं किए हैं। 3,500 करोड़ का बजट इसके लिए रखा है। ग्रामीण सड़कों को सुधारा जाएगा। 2,873 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
बीमा कवर 10 लाख रुपए का होगा
चीमा ने कहा- सेहत व भलाई विभाग ने 3 साल में 881 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए हैं। अब तक 3 करोड़ से अधिक लोग इसका फायदा उठा चुके है। अकाली दल और कांग्रेस ने मिलकर बीमार पंजाब की सृजना की। सेहत विभाग के लिए 268 करोड़ का बजट रखा गया है। अब तक 45 लाख सेहत बीमा सुविधाओं में शामिल थे।
पंजाब के सेहत क्षेत्र के लिए 2 फैसले लिए जा रहे हैं। पहली बार आगामी साल में सेहत बीमा योजना के तहत 65 हजार परिवार कवर होंगे। दूसरा फैसला यह है कि बीमा कवर 5 लाख से 10 लाख रुपए तक का रहेगा। सारे परिवारों को सेहत कार्ड मिलेगा। 778 करोड़ रुपए रखे हैं। फरिश्ते स्कीम के लिए 10 करोड़ का बजट रखा गया है।
पंजाब में 3 हजार इंडोर स्टेडियम बनेंगे
हरपाल चीमा ने कहा- पंजाब सरकार खेल के क्षेत्र के लिए पहली बार मेगा स्पोटर्स ‘खेडदां पंजाब बदलता पंजाब’ शुरू करने जा रही है। इससे पंजाब खेलों के क्षेत्र में सुधरेगा। इसके तहत हर गांव में खेल मैदान व जिम बनाए जाएंगे। इनमें रनिंग ट्रैक, सोलर लाइट व अन्य सुविधाएं रहेंगी। इसमें सारी लोकप्रिय खेले शुरू करेंगे। पूरे पंजाब 3 हजार इंडोर जिम बनाएंगे। खेल के सेंटर एक्सीलैंस को सुधारेगी। इसके लिए सरकार ने 979 करोड़ का बजट दिया जाएगा। यह पंजाब के इतिहास में सबसे बड़ी राशि जारी की जा रही है। अब तक की सरकारों में सबसे ज्यादा राशि जारी की जा रही है।
150 करोड़ नशामुक्ति पर खर्च करेगी सरकार
हरपाल चीमा ने कहा- युद्ध नशे के विरूद्व मुहिम शुरू की है। हमारी सरकार आने के बाद नशा तस्करों पर प्रहार हो रहा था। पिछले एक महीने से लगातार प्रयास किए जा जा रहे हैं। अगले साल पंजाब में पहली ड्रग जनगणना होगी। सरकार 2025-26 में 150 करोड़ नशा मुक्ति पर खर्च करेगी। गैंगस्टरों से निपटने के लिए सरकार एक्शन में है। इसलिए इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम को मजबूत करेंगे। इसका समय 30 मिनट से कम कर 8 मिनट किया जाएगा। ERV खरीदने के लिए 125 करोड़ रुपए व नए 112 कंट्रोल हेडक्वार्टर बनाने के लिए 153 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
चीमा बोले- 817 भ्रष्ट अधिकारी गिरफ्तार किए
चीमा ने कहा- हमारी सरकार ने लोगों से किए वादे पूरे किए हैं। लोगों को फ्री बिजली दे रहे हैं। 817 भ्रष्ट अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। सड़क सुरक्षा फोर्स बनाई है। उन्हें 144 हाईटेक गाड़ियां दी हैं। सीएम की योगशाला प्रोग्राम पूरे राज्य में शुरू किया है। 96,836 करोड़ का निवेश पंजाब में 3 साल में आया है। 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस बनाए हैं। टीचरों को सिंगापुर से ट्रेनिंग दी है। खेतों की सिंचाई के लिए कदम उठाए हैं।
इस बार बजट की थीम बदलता पंजाब रखा है। 2025-26 में 9 प्रतिशत दर से वादा किया गया। GSDP 10 फीसदी बढ़ने का अनुमान है। पंजाब आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे हैं। पंजाब टैक्स राजस्व में 14 फीसदी बढ़ोतरी की है। कुल बजट में 2 लाख 36 हजार 80 करोड़ रखा है।
चीमा बोले- 3 साल की बदलाव की तस्वीर पेश कर रहा हूं
हरपाल सिंह चीमा ने कहा- चौथा बजट पेश करने जा रहा हूं। मेरे लिए यह मान की बात है। मैं पिछले तीन साल में आए बदलाव की तस्वीर पेश कर रहा हूं। सबसे पहले सीएम भगवंत मान का धन्यवाद करता हूं। जिनकी अगुआई में पंजाब तरक्की की राह पर है। एक समय था जब भारत का सबसे खुशहाल राज्य सूबा पंजाब था। लुधियाना को पंजाब का मानचेस्टर कहा जाता था। जालंधर खेलों के क्षेत्रों में सबसे आगे था। प्रति व्यक्ति इनकम के मामले में पंजाब 1980 नंबर वन पर था। लेकिन राजनीतिक पार्टियों की लूट की वजह से आज 15वें स्थान पर है।
सीचेवाल मॉडल पर सदन में हंगामा
छप्पड़ों को साफ करने के सीचेवाल मॉडल पर सदन में हंगामा हो गया। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने सदन में पूछा कि छप्पड़ों को साफ करने के लिए सीचेवाल मॉडल का हम नाम लेते हैं। क्या वह इंजीनियर हैं? यहां पर पेक हैं, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी है, थापर यूनिवर्सिटी है। सीचेवाल तो ठेकेदार है। सारे गांव प्रोजेक्ट फेल रहे हैं। इस पर स्पीकर ने प्रताप सिंह बाजवा को कहा कि आप सुल्तानपुर लोधी जाकर आएं। मुझे सीचेवाल मॉडल पर विश्वास है। तब सेहतमंत्री बलबीर सिंह ने कहा कि हमें सीचेवाल मॉडल पर विश्वास है। बाजवा जी को इस पर माफी मांगनी चाहिए। इस पर बाजवा ने कहा कि पानी पीने के बाद सीएम खुद बीमार हो गए थे। उन्हें 4 दिन अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। माफी तो इन्हें मांगनी चाहिए। नकोदर की विधायक इंद्रजीत कौर मान ने भी बाजवा की बात पर ऐतराज जताया।
जंगलात मंत्री बोले- जंगली जानवरों से फसलों के नुकसान पर मुआवजा देंगे
जंगलात मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बताया कि पंजाब में फसलों का जंगली जानवरों की वजह से होने वाले नुकसान का सरकार मुआवजा देती है। कुछ एरिया में यह दिक्कत ज्यादा है। वहां पर जंगली जानवरों के शिकार का परमिट भी जारी किया जाता है। अब तक फिरोजपुर एरिया में 4 लोगों को शिकार का परमिट जारी किया है। हालांकि विधायक संदीप जाखड़ ने सवाल किया कि क्या राजस्थान से लगते एरिया के लोग बिश्नोई समाज जानवरों के शिकार से सहमत है। इस पर मंत्री ने कहा कि इस पर आगे चलकर मीटिंग करेंगे।
सेहत मंत्री बोले- बठिंडा में 100 बेड का अस्पताल बनेगा
विधायक जगरूप सिंह गिल के सवाल के जवाब में सेहतमंत्री बलबीर सिंह ने कहा कि मेरी बठिंडा वालों से मीटिंग हुई थी। इंडस्ट्री वालों ने बताया कि वहां पर 1 लाख वर्कर हैं लेकिन अस्पताल नहीं है। उन्हें मैने कहा था कि आप हमारे बच्चे को रोजगार दो, इस पर उनका जवाब था कि आप हमें सेहत सुविधाएं दो। अब हम वहां पर 100 बेड का अस्पताल बनाने जा रहे है।



