CENTRE NEWS EXPRESS (17 FEBRUARY DESRAJ)
पंजाब की एक नामी निजी यूनिवर्सिटी में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक छात्र ने हॉस्टल की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान निखिल (निवासी ग्राम सलेम खुर्द, फिलौर) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि छात्र पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, निखिल सोमवार सुबह सामान्य रूप से यूनिवर्सिटी आया था। दोपहर के समय उसने संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल की छत से छलांग लगा दी। गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और छात्रों में हड़कंप मच गया।
जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि निखिल ने आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक स्टेटस अपडेट किया था। इस स्टेटस में उसने आत्महत्या करने का जिक्र किया था। पुलिस अब उस स्टेटस और निखिल के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि परेशानी की असली वजह का पता लगाया जा सके। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी फगवाड़ा भारत सिंह ने बताया कि दोपहर के समय पुलिस को सूचना मिली थी कि एक छात्र ने छत से कूदकर खुदकुशी कर ली है।
पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। डीएसपी ने कहा हैं कि हम छात्र के परिजनों के संपर्क में हैं। परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



