सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती रेलयात्रियों की संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 8 जोड़ी समर स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन शुरू किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार छुट्टियों में नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग की स्थिति बन जाती है, जिसे कम करने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

रेलवे का कहना है कि यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराने और यात्रा को आसान व सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। ट्रेनों में यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
फिरोजपुर मंडल द्वारा वर्तमान में जिन 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, उनमें अमृतसर-कटिहार, नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, अमृतसर-बरौनी, पठानकोट-छपरा, अमृतसर-कोलकाता, फिरोजपुर कैंट-झंझारपुर, फिरोजपुर कैंट-पटना और अमृतसर-जयनगर रूट शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इन स्पेशल ट्रेनों से वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को काफी राहत मिल रही है और गर्मियों के सीजन में यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।



