सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
Rishikesh। उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक होटल के अंदर बड़ा हादसा हो गया, जहां पत्रकारों को लेकर जा रही लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के बाद नीचे आ गिरी। हादसे के वक्त लिफ्ट में हरियाणा के Faridabad से आए कई पत्रकार सवार थे। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे में कई पत्रकार घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत AIIMS ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लिफ्ट अचानक जोरदार झटके के साथ नीचे गिरी, जिससे अंदर मौजूद लोग घबरा गए। होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
सोशल मीडिया पर दो पत्रकारों की मौत की खबरें भी वायरल हो रही हैं, लेकिन प्रशासन ने फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
प्रारंभिक जांच में लिफ्ट की तकनीकी खराबी या रखरखाव में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने होटल प्रबंधन से पूछताछ शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की जांच भी की जा रही है।



