सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
महानगर के घंटा घर चौक इलाके में सोमवार देर रात मामूली तकरार ने खूनी रूप ले लिया। एक बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे 23 साल के युवक मोनू की कार सवार अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर अपनी गाड़ी में मौके से फरार हो गए।
रास्ते में हुई कहासुनी, युवक ने निकाल ली पिस्तौल
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मोनू अपने दोस्त के जन्मदिन का जश्न मनाकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड के समीप एक कार में सवार युवकों के साथ किसी बात को लेकर उसकी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि कार सवारों में से एक युवक ने तैश में आकर अपनी पिस्तौल निकाल ली और मोनू पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे मोनू को लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर ही गिर पड़ा।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत हरकत में आए और गंभीर रूप से घायल मोनू को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोट के चलते डॉक्टरों की टीम उसे बचा नहीं सकी और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
वारदात के बाद इलाके में दहशत, सीसीटीवी की पड़ताल जारी
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों के वाहन का नंबर और उनकी पहचान ट्रेस की जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।



