सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
चंडीगढ़। खुड्डा अलीशेर में शराब ठेके के बाहर हुई धमाके की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 14 सितंबर की शाम करीब 6:50 बजे दो युवक एक्टिवा पर पहुंचे और ठेके की ओर एक संदिग्ध वस्तु फेंककर वहां से निकल गए। कुछ ही क्षण बाद तेज धमाका हुआ और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्राहकों के पास गिरी वस्तु
पुलिस जांच के अनुसार एक्टिवा पर पीछे बैठे युवक ने ठेके की सर्विस विंडो की दिशा में वस्तु फेंकी थी। बताया जा रहा है कि वह अंदर जाने के बजाय बाहर खड़े लोगों के पास जा गिरी। धमाके के बाद दोनों युवक बिना रुके वहां से फरार हो गए।
मैनेजर ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद ठेके के मैनेजर वरिंदर सिंह ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी सेंट्रल एसपीएस सौंद्धी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए।
पांच दिन पहले ठेके की रिकॉर्डिंग करती दिखी महिला
जांच के बीच पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी दी गई है। ठेका संचालक गौरव कुमार के मुताबिक 9 सितंबर की सुबह एक अज्ञात महिला मोबाइल फोन से ठेके और उसके आसपास के हिस्से की वीडियो बनाती नजर आई थी। संचालक ने इस फुटेज को जांच का हिस्सा बनाने की मांग की है।
महिला और हमले के बीच कड़ी तलाश रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला वहां किस वजह से पहुंची थी। जांचकर्ताओं के सामने यह सवाल भी है कि कहीं घटना से पहले ठेके की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए तो परिसर की रिकॉर्डिंग नहीं की गई थी। हालांकि, अभी महिला का घटना से संबंध साबित नहीं हुआ है।
विस्फोटक था या नहीं, जांच के बाद होगा साफ
पुलिस ने संदिग्ध वस्तु को लेकर अभी अंतिम पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल से जुटाए गए नमूनों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमाके के लिए किस प्रकार की वस्तु का इस्तेमाल किया गया था।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालकर एक्टिवा सवार दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही घटना के पीछे संभावित कारणों और किसी आपराधिक रंजिश की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।



