सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट
खन्ना में साइकिल यात्रा के समापन पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दिग्गज नेताओं ने दिखाई एकजुटता
आठ दिन तक चला ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ अभियान संपन्न, सचिन पायलट ने कहा- युवाओं को नशे से बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी
खन्ना। पंजाब में नशे और बढ़ते अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस की ओर से निकाली गई ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ का बुधवार को खन्ना में समापन हो गया। आठ दिन तक चले इस अभियान के अंतिम पड़ाव पर कांग्रेस ने विशाल रैली आयोजित कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। रैली में प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने पार्टी की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की।
समापन समारोह में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, सांसद डॉ. अमर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनके अलावा पूर्व मंत्री तेज प्रकाश, गुरकीरत सिंह कोटली, भारत भूषण आशु, राजकुमार वेरका, पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक, पूर्व विधायक परमिंदर सिंह पिंकी और पूर्व स्पीकर राणा केपी सिंह भी रैली में पहुंचे।
सचिन पायलट ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना किसी एक राजनीतिक पार्टी का काम नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ शुरू किया गया अभियान युवाओं को इस बुराई से दूर करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक पहल है।
वहीं, चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों से कथित तौर पर हफ्तावसूली की जा रही है, जबकि कारोबारियों को फिरौती के लिए धमकियां मिलने की घटनाओं से व्यापारिक वर्ग में डर का माहौल है। उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
रैली में जिला कांग्रेस अध्यक्ष लखवीर सिंह लखा, रूपिंदर सिंह राजा गिल, साहनेवाल के हलका इंचार्ज विक्रम बाजवा और लैंड मॉर्गेज बैंक के चेयरमैन बेअंत सिंह जस्सी किशनगढ़ सहित स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
इस मौके पर नगर कौंसिल प्रधान विकास मेहता, कमलजीत सिंह लद्दड़, कौंसलर रविंद्र बब्बू, अमित तिवारी, रिक्की शर्मा, अमरीश कालिया, गिन्नी विजन, हरजिंद्र सिंह, राज कुमार साहेवालिया, संजय सहगल, अशोक राजेवालिया, गुरमीत नागपाल, नरिंद्र वर्मा बॉबी, शमिंद्र मिंटू, हरप्रीत सिंह धंजल, अंकित शर्मा, विजय मौदगिल, सतनाम सिंह सोनी, केवल कृष्ण बावा, नितिन कौशल, गोल्डी भांबरी, गुरदीप जोशी और हर्ष भल्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
आठ दिवसीय यात्रा के समापन पर आयोजित इस रैली के जरिए कांग्रेस ने नशे और अपराध के मुद्दे को लेकर प्रदेश में अपनी राजनीतिक मुहिम को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।



