HomePoliticalसोनिया गांधी की किताब ने कैप्टन को किया भावुक, पुराने रिश्तों को...

सोनिया गांधी की किताब ने कैप्टन को किया भावुक, पुराने रिश्तों को किया याद

Sonia Gandhi’s book leaves Captain emotional; brings back memories of old ties

कांग्रेस में लौटने की चर्चाओं पर लगाया विराम, बोले- सोनिया गांधी के निजी निमंत्रण पर आया हूं; राहुल गांधी ने भी सुनाया राजीव गांधी से जुड़ा पुराना किस्सा

सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा

रोहित कुमार, चंडीगढ़। भाजपा नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ को पढ़कर कैप्टन भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के अनुभवों और भावनाओं को जिस तरह साझा किया है, वह काफी प्रभावित करने वाला है। लंबे समय तक कांग्रेस में साथ रहने के कारण पुस्तक के कई प्रसंगों ने उन्हें पुराने राजनीतिक दिनों की याद दिला दी।

दिल्ली में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह पहली पंक्ति में बैठे दिखाई दिए। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कैप्टन ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने सोनिया गांधी की किताब पूरी पढ़ ली है। उनके अनुसार, यह केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि सोनिया गांधी के व्यक्तिगत जीवन, विचारों और अनुभवों को समझने का अवसर भी है।

निजी निमंत्रण पर पहुंचे, राजनीतिक वापसी से किया इन्कार

कार्यक्रम में कैप्टन की मौजूदगी के बाद उनके कांग्रेस में लौटने की संभावनाओं को लेकर सवाल उठने लगे। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली आने के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था। सोनिया गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि जब उनकी अपनी किताबों का विमोचन हुआ था, तब सोनिया गांधी भी उनके कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। ऐसे में उनके निमंत्रण पर समारोह में पहुंचना स्वाभाविक था।

कांग्रेस में दोबारा शामिल होने के सवाल पर कैप्टन ने साफ कहा कि ऐसा कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘नहीं, नहीं, बिल्कुल नहीं। सोनिया जी ने मुझे अपनी किताब के विमोचन समारोह में बुलाया था। मुझे यहां आकर बहुत खुशी हुई।’ उन्होंने संकेत दिया कि उनके और गांधी परिवार के नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंधों को राजनीतिक नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने सुनाया राजीव गांधी से जुड़ा पुराना किस्सा

समारोह में राहुल गांधी ने भी कैप्टन अमरिंदर सिंह का जिक्र करते हुए अपने बचपन की एक याद साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी को जीवन में केवल एक बार बहस करते देखा था। उस समय राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बातचीत कर रहे थे। राहुल गांधी के इस किस्से ने समारोह में मौजूद कैप्टन के साथ गांधी परिवार के पुराने संबंधों को फिर चर्चा में ला दिया।

भाजपा में चार साल बाद भी नाराजगी के संकेत

कैप्टन की कांग्रेस में वापसी की अटकलों को उनके भाजपा के प्रति पहले दिए गए बयानों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वह कह चुके हैं कि भाजपा में शामिल हुए उन्हें चार साल हो चुके हैं, लेकिन पार्टी में उन्हें अपेक्षित भूमिका नहीं मिली। उन्होंने पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी भाजपा नेतृत्व को अधिक समझ विकसित करने की सलाह दी थी। उनका मानना रहा है कि पंजाब को समझने के लिए राज्य के अनुभवी नेताओं की राय को महत्व दिया जाना चाहिए।

कैप्टन यह भी कह चुके हैं कि कांग्रेस हाईकमान के नेताओं के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध अब भी अच्छे हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर पहले भी स्पष्ट किया है कि वह भाजपा के साथ हैं और कांग्रेस में वापस जाने का उनका कोई विचार नहीं है।

सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन में कैप्टन की मौजूदगी, उनकी भावुक प्रतिक्रिया और राहुल गांधी की ओर से सुनाया गया पुराना किस्सा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल कैप्टन ने कांग्रेस में वापसी की संभावनाओं को खारिज कर यह स्पष्ट कर दिया है कि गांधी परिवार के साथ उनके पुराने रिश्ते व्यक्तिगत हैं, राजनीतिक नहीं।

SourceCNE NEWS
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments