ब्रैम्पटन में पुलिस की कार्रवाई, 12 लोग गिरफ्तार; पंजाब के करमवीर और जसप्रीत भी पुलिस के शिकंजे में, चोरी के वाहनों को अफ्रीका भेजने की थी तैयारी
जालंधर। कनाडा में महंगी कारों की चोरी कर उन्हें दूसरे देशों में बेचने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ब्रैम्पटन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 96 चोरी के वाहन अपने कब्जे में लिए हैं। इनकी कुल कीमत 45 लाख कनाडाई डॉलर आंकी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 28 से 30 करोड़ रुपये बनती है। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ 231 आपराधिक आरोप लगाए हैं। पकड़े गए लोगों में पंजाब मूल के दो युवक भी शामिल हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, गिरोह का नेटवर्क कनाडा के ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र तक फैला हुआ था। इसका मुख्य उद्देश्य कनाडा में चोरी की गई महंगी गाड़ियों को शिपिंग कंटेनरों के माध्यम से पश्चिमी अफ्रीका के देशों तक पहुंचाना था। इसके लिए ब्रैम्पटन में एक गोदाम का इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां चोरी के वाहनों को जमा करने के बाद उनकी पहचान छिपाकर निर्यात की तैयारी की जाती थी।
इस पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए पील रीजनल पुलिस ने ‘प्रोजेक्ट कैडेटा’ के तहत जांच शुरू की थी। मार्च 2026 में कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी के साथ मिलकर शुरू हुई जांच में सबसे पहले ब्रैम्पटन के एक वेयरहाउस को चिह्नित किया गया। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों, उनके संपर्कों और वाहनों की आवाजाही से जुड़े सुराग जुटाए। जांच का दायरा बढ़ने पर आसपास के इलाकों में सक्रिय अन्य सदस्यों की भूमिका भी सामने आई।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों से महंगी गाड़ियों को चोरी करते थे। घरों के बाहर ड्राइववे में खड़े वाहन, सार्वजनिक पार्किंग और कार डीलरशिप इनके निशाने पर रहते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान बदलने के लिए उनके व्हीकल आइडेंटिफिकेशन नंबर (वीआइएन) में कथित तौर पर छेड़छाड़ की जाती थी। इसके बाद इन्हें दूसरे स्थानों पर पहुंचाकर कंटेनरों में लोड किया जाता था, ताकि विदेश भेजते समय इनकी असली पहचान सामने न आए।
इस मामले में गिरफ्तार पंजाब मूल के युवकों की पहचान 26 वर्षीय करमवीर सिंह निवासी ब्रैम्पटन और 25 वर्षीय जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। जसप्रीत के पास पुलिस रिकॉर्ड में कोई स्थायी पता दर्ज नहीं बताया गया है। इनके अलावा टोरंटो के ओडेवाले अब्राहम, तोसिन ओयेबाडे, ओलुयेमी सोडाडे और ओलुवासेयी बामेके समेत अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कुल 12 गिरफ्तारियों की जानकारी दी है। इनमें नौ लोगों को भविष्य में अदालत में पेश होने की शर्त पर रिहा किया गया, जबकि तीन को जमानत संबंधी सुनवाई के लिए हिरासत में रखा गया था। बाद में उन्हें भी रिहा कर दिया गया। इसके अलावा पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किए हैं। इनमें 32 वर्षीय स्टीवन ग्याम्फी और 16 साल का एक नाबालिग शामिल है।
पील रीजनल पुलिस के डिप्टी चीफ निक मिलिनोविच ने कहा कि वाहन चोरी की घटनाओं के पीछे अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय आपराधिक नेटवर्क की भूमिका भी सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि पील क्षेत्र में वर्ष 2023 के दौरान वाहन चोरी की घटनाएं सबसे अधिक थीं। इसके बाद पुलिस की ओर से चलाए गए अभियानों और सख्त कार्रवाई के चलते ऐसी वारदातों में 50 प्रतिशत से ज्यादा कमी आई है। वर्ष 2026 में भी पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले वाहन चोरी के मामलों में करीब 10 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों और गिरफ्तार आरोपितों से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी की गाड़ियों को विदेश भेजने में और कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं।



