तड़के 4:50 बजे एमा मांगट के पास हुआ हादसा, चालक समेत तीन घायल; नींद की झपकी आने से बेकाबू हुई कार
सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
मुकेरियां। माता वैष्णो देवी के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले उत्तर प्रदेश के एक परिवार का सफर दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर एमा मांगट के नजदीक वीरवार सुबह एक मारुति ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला और उसकी आठ वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव गंगा हरी निवासी उमेश कुमार (40) अपनी पत्नी रजनी देवी (35) और तीन बेटियों के साथ वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे थे। परिवार यूपी नंबर की ब्रेजा कार (यूपी 13 बीएफ 1122) में सवार था। वीरवार सुबह करीब 4:50 बजे एमा मांगट के पास पहुंचने पर चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वाहन सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि रजनी देवी और उनकी आठ वर्षीय बेटी सृष्टि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार उमेश कुमार के अलावा उनकी दो बेटियां अंशी (10) और अरुषि (6) घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एसएसएफ ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की टीम मौके पर पहुंची। एएसआई बूटा सिंह के साथ कांस्टेबल रणजीत सिंह और कांस्टेबल रोहित कुमार ने राहत एवं बचाव कार्य संभाला। टीम ने घायलों को कार से निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल मुकेरियां पहुंचाया। हादसे में जान गंवाने वाली मां और बेटी के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वैष्णो देवी की यात्रा के लिए निकला परिवार इस हादसे के बाद गहरे सदमे में है।



