सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
पंजाब सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अहम अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस दौरान दो जिलों के डिप्टी कमिश्नर बदले गए हैं। पूनमदीप कौर को संगरूर का नया DC नियुक्त किया गया है, जबकि राहुल चाबा को फरीदकोट का DC बनाया गया है। इसके साथ ही 3 IPS और 3 PPS अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं, जिनके आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
पुलिस विभाग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सरताज चहल को संगरूर से हटाकर मोगा का SSP नियुक्त किया गया है, जबकि रवजोत ग्रेवाल अब संगरूर के नए SSP होंगे। मोगा के SSP अजय गांधी को AIG प्रोविजनिंग के पद पर भेजा गया है। गगन अजीत सिंह को फाजिल्का का SSP बनाया गया है, जबकि गुरमीत सिंह को मालेरकोटला में नई जिम्मेदारी दी गई है। सुखनाज सिंह को विजिलेंस ब्यूरो में तैनात किया गया है।
यह फेरबदल ऐसे समय में किया गया है जब पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार चुनौतियां सामने आ रही हैं। हाल ही में अमृतसर और जालंधर में धमाकों की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई है। इसके अलावा अलग-अलग शहरों में ईमेल के जरिए बम धमकियों और सीमा पर बढ़ती ड्रोन गतिविधियों ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
सरकार और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।



