सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
पंजाब की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने अपने खिलाफ दर्ज कथित आपराधिक मामलों को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि अगर पंजाब में उनके खिलाफ दो से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं तो उनकी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
सभी मामलों का मांगा रिकॉर्ड
हाई कोर्ट में दायर याचिका में संदीप पाठक ने पंजाब पुलिस से यह जानकारी मांगी है कि राज्य के किन-किन पुलिस थानों में उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। साथ ही उन्होंने पूछा है कि एफआईआर किस तारीख को दर्ज हुई, किन धाराओं के तहत मामला बनाया गया और कुल कितने केस दर्ज हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली जानकारी
संदीप पाठक ने अपनी याचिका में कहा कि उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए पता चला कि पंजाब में उनके खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। हालांकि अब तक उन्हें किसी भी एफआईआर की कॉपी उपलब्ध नहीं करवाई गई है।
आधिकारिक जानकारी नहीं मिलने का आरोप
याचिका में यह भी कहा गया है कि पंजाब पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया कि आखिर उनके खिलाफ कौन-कौन से मामले दर्ज हैं। ऐसे में उन्होंने कोर्ट से हस्तक्षेप कर पूरी जानकारी उपलब्ध करवाने की मांग की है।
आज हाई कोर्ट में हो सकती है सुनवाई
मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की बेंच आज इस पर जानकारी दे सकती है। राजनीतिक हलकों में इस याचिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



