सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
जालंधर के मशहूर APJ स्कूल को गुरुवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच में जुट गईं।
ईमेल में स्कूल-कॉलेजों को बनाया निशाना
धमकी भरे मेल में दावा किया गया कि जालंधर के कई स्कूलों और कॉलेजों में धमाके किए जाएंगे। मेल में दोपहर के समय का भी जिक्र किया गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। इसके बाद शहर के कई शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर भी दी धमकी
ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की जालंधर यात्रा का जिक्र करते हुए उन्हें भी निशाना बनाने की धमकी दी गई। साथ ही कुछ बड़े नेताओं के नाम लेकर हमला करने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने वीआईपी सुरक्षा और कड़ी कर दी है।
लगातार मिल रही धमकियों से बढ़ी चिंता
पिछले कुछ समय से पंजाब में धमकी भरे ईमेल और विस्फोट की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों के बाद अब स्कूल को मिली नई धमकी ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर ला दिया है।
पुलिस साइबर टीम कर रही जांच
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। पुलिस की साइबर सेल मेल की लोकेशन और भेजने वाले की पहचान जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



