सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
पंजाब के अमृतसर जिले के गांव सुदार में देर रात हुए धमाके के बाद इलाके में दहशत फैल गई। गांव के कांग्रेस सरपंच निशान सिंह के घर को निशाना बनाकर अज्ञात हमलावरों ने बम नुमा वस्तु से हमला किया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
फिरौती न देने पर किया हमला
सरपंच निशान सिंह के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर जीवन फौजी बताते हुए 50 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बाद देर रात उनके घर के बाहर धमाका कर दिया गया।
परिवार बाल-बाल बचा
घटना के समय सरपंच का पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन धमाके के बाद परिवार और गांव के लोगों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि रातभर इलाके में अफरा-तफरी बनी रही।
ब्लास्ट के बाद दोबारा धमकी
जानकारी के मुताबिक, धमाके के बाद सरपंच को फिर कॉल कर धमकाया गया। कॉल करने वाले ने कहा कि दो दिनों के भीतर पैसे नहीं दिए तो जान से मार दिया जाएगा। धमकी मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की कई एंगल से जांच की जा रही है।



