सेंटर न्यूज एक्सप्रेस । देसराज भुट्टा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कक्षा के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बोर्ड किसी भी समय CBSE 12वीं रिजल्ट 2026 जारी कर सकता है। रिजल्ट को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और इसी बीच DigiLocker ने बड़ा अपडेट जारी किया है। DigiLocker ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि CBSE 12वीं का रिजल्ट जल्द अपलोड किया जाएगा और छात्र बिना APPAR ID के भी अपनी डिजिटल मार्कशीट देख सकेंगे।
वेबसाइट और DigiLocker पर मिलेगा रिजल्ट
CBSE हर साल बिना पूर्व सूचना के परिणाम जारी करता है। ऐसे में DigiLocker की तरफ से आया अपडेट छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छात्र रिजल्ट जारी होने के बाद CBSE की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in और cbseresults.nic.in पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकेंगे। इसके अलावा DigiLocker और UMANG ऐप के जरिए भी मार्कशीट डाउनलोड की जा सकेगी।
DigiLocker पर ऐसे देखें 12वीं का रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले DigiLocker की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप खोलें। इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार से लॉगिन करें। फिर Education या CBSE सेक्शन में जाकर “CBSE Class 12 Result 2026” विकल्प चुनें। यहां रोल नंबर, स्कूल कोड और एडमिट कार्ड आईडी भरने के बाद सबमिट करें। इसके बाद डिजिटल मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकेगा।
UMANG ऐप से भी मिलेगा रिजल्ट
छात्र UMANG ऐप के जरिए भी अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से UMANG ऐप डाउनलोड करें। फिर CBSE सेवा विकल्प पर क्लिक करके मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन करें। जरूरी डिटेल्स भरने के बाद रिजल्ट स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा।
बिना इंटरनेट भी जान सकेंगे परिणाम
अगर रिजल्ट जारी होने के समय वेबसाइट स्लो हो जाए या इंटरनेट की समस्या हो तो छात्र SMS और IVRS के जरिए भी अपना परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।
SMS सेवा:
मोबाइल में cbse12 लिखकर रोल नंबर, स्कूल नंबर और सेंटर नंबर के साथ 7738299899 पर भेजना होगा।
IVRS सेवा:
दिल्ली के छात्र 24300699 पर कॉल कर सकते हैं, जबकि अन्य राज्यों के छात्र 011-24300699 नंबर पर संपर्क कर रिजल्ट जान सकते हैं।
इस बार नहीं जारी होगी टॉपर लिस्ट
CBSE इस साल भी 12वीं कक्षा की टॉपर लिस्ट जारी नहीं करेगा। बोर्ड का कहना है कि यह फैसला छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा को कम करने और मानसिक दबाव घटाने के लिए लिया गया है।
पहली बार OMS सिस्टम से हुई कॉपियों की जांच
इस बार CBSE ने 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम (OMS) के जरिए किया है। पहली बार पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की गई, जिसमें कॉपियां जांचने से लेकर नंबर अपलोड करने तक का काम डिजिटल तरीके से हुआ। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया पहले की तुलना में तेजी से पूरी हुई।



