सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
खाड़ी देशों में जारी युद्ध जैसे हालात और तेल-गैस संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से संयम बरतने की अपील पर कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार अपनी विफलताओं का बोझ जनता पर डाल रही है और अब लोगों को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है और क्या नहीं।
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 10 मई को तेलंगाना के हैदराबाद में भाजपा की रैली के दौरान खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और वैश्विक संकट का जिक्र करते हुए लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस का कम इस्तेमाल करने की अपील की थी। पीएम ने लोगों से मेट्रो का अधिक उपयोग करने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने और एक साल तक सोना न खरीदने का संकल्प लेने की बात कही थी, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।
पीएम मोदी के बयान के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि “सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, खाने का तेल और खाद कम उपयोग करो… ये सलाह नहीं बल्कि सरकार की नाकामी के सबूत हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में देश को ऐसे हालात में पहुंचा दिया गया है जहां जनता पर ही हर संकट का बोझ डाला जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि हर बार सरकार जवाबदेही लेने की बजाय लोगों से त्याग मांगती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश चलाना अब “Compromised PM” के बस की बात नहीं रह गई है।
दरअसल, अमेरिका-ईरान तनाव और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसी को लेकर केंद्र सरकार ऊर्जा बचत और विदेशी मुद्रा संरक्षण पर जोर दे रही है।



