सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
फिरोज़पुर मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ेगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी।
14 मई से अमृतसर से चलेगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 14664 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 14 मई 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी और लगभग 39 घंटे का सफर तय कर सुबह 04:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।
न्यू जलपाईगुड़ी से 16 मई से वापसी
वहीं 14663 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस 16 मई 2026 से प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन सुबह 08:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होकर करीब 42 घंटे बाद रात 02:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन दोनों दिशाओं में कई अहम रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थ नगर, आनंद नगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाजार, नरकटियागंज, सिकता, रक्सौल, बैरगनियां, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड, कमतौल, शीशो, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, नरपतगंज, फारबिसगंज, अररिया, ठाकुरगंज, बागडोगरा और सिलीगुड़ी स्टेशन शामिल हैं।
ट्रेन में होंगे 19 कोच
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 19 कोच लगाए गए हैं। इनमें 08 स्लीपर श्रेणी के कोच और 11 जनरल श्रेणी के कोच शामिल हैं, जिससे सामान्य यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यात्रियों से ट्रेन का लाभ उठाने की अपील
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने रेल यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन लंबी दूरी के सफर को आसान और सुविधाजनक बनाएगी। यात्रियों से इस नई सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया गया है।



