20 से 22 जून तक रोडवेज बसों में मुफ्त सफर, एडमिट कार्ड दिखाने पर नहीं लगेगा किराया
सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो Arvind Kejriwal और Bhagwant Mann ने NEET परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। पंजाब सरकार ने घोषणा की है कि 20 जून से 22 जून तक राज्य की रोडवेज बसों में सभी NEET परीक्षार्थियों के लिए यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी।
सरकार के अनुसार, विद्यार्थियों को बस में सफर के दौरान केवल अपना NEET एडमिट कार्ड दिखाना होगा। इसके बाद उनसे किसी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा। इस फैसले का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक राहत देना है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि NEET जैसी बड़ी परीक्षा के लिए विद्यार्थी लंबे समय तक मेहनत करते हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि किसी भी छात्र के सपनों के बीच आर्थिक परेशानी बाधा न बने। इसी सोच के तहत यह फैसला लिया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पहल को युवाओं के हित में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता दे रही है। सरकार चाहती है कि हर विद्यार्थी बिना किसी चिंता के परीक्षा केंद्र तक पहुंचे और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सके।



