सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
Punjab इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है। Chandigarh समेत राज्य के ज्यादातर शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि Bathinda सबसे गर्म शहर के रूप में सामने आया है, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों के लिए सीवियर हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों तक लू का असर लगातार बना रहेगा। कई जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।
अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट्स सक्रिय
गर्मी के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। जिला अस्पतालों, सब-डिविजनल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट्स को सक्रिय कर दिया गया है। मरीजों के लिए ORS, ग्लूकोज, आइस पैक्स, कूलर और जरूरी दवाइयों का अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है।
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा खतरा
डॉक्टरों ने खास तौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
22 से 24 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
22 मई
Firozpur, Fazilka, Faridkot, Moga, Bathinda, Ludhiana, Barnala और Patiala में तेज लू चलने और तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
23 मई
मालवा क्षेत्र में गर्म हवाओं का असर और तेज हो सकता है। वहीं दोआबा और माझा क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
24 मई
पूरे पंजाब में भीषण गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है। हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के आसार भी जताए गए हैं, लेकिन इससे ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
गर्मी का असर कारोबार और पर्यटन पर भी
भीषण गर्मी के चलते बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम हो रही है। वहीं पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही घटी है। कई लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।



