सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उस समय अधिकारियों की टीम भी हैरान रह गई, जब दुबई से आई एक फ्लाइट की जांच के दौरान विमान के टॉयलेट से करोड़ों रुपए का सोना बरामद हुआ। बाहर से सब सामान्य दिख रहा था, लेकिन जांच ने पूरी कहानी बदल दी।
कस्टम अधिकारियों को विमान के एक हिस्से पर शक हुआ। इसके बाद तकनीकी जांच कर टॉयलेट में लगे स्पीकर सिस्टम को खोला गया। अंदर काले टेप में पैक किए गए पैकेट मिले। जब इन्हें बाहर निकाला गया तो उनमें से 24 गोल्ड बिस्किट बरामद हुए।
बरामद सोने का वजन करीब 2.8 किलो बताया जा रहा है और इसकी कीमत करीब 4.26 करोड़ रुपए आंकी गई है। अधिकारियों के अनुसार सोना इतनी चालाकी से छिपाया गया था कि सामान्य जांच में पकड़ना आसान नहीं था।
फिलहाल कस्टम विभाग ने पूरा माल जब्त कर लिया है और अब यह जांच की जा रही है कि सोना विमान में किसने छिपाया, इसे किस तक पहुंचाया जाना था और क्या इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है।



