सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
पंजाब के जालंधर में सोमवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। एक युवक अपने दोस्त के घर मिलने आया था, तभी कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

गोली लगने के बाद युवक तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। मौके से मिले साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।



