सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
लुधियाना। पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा से सफर करना अब और महंगा हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल शुल्क में संशोधन करते हुए नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी हैं। नई दरों के तहत कार चालकों को अब ₹10, छोटे व्यावसायिक वाहनों को ₹15, बस और ट्रकों को ₹30 से ₹35, जबकि ओवरसाइज भारी वाहनों को ₹60 तक अधिक टोल देना होगा। महज चार महीने के भीतर टोल दरों में दूसरी बार वृद्धि होने से वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।
हर श्रेणी के वाहनों का बढ़ा टोल
नई दरों के अनुसार कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों का सिंगल जर्नी टोल ₹225 से बढ़ाकर ₹235 कर दिया गया है। 24 घंटे के भीतर वापसी करने वालों के लिए रिटर्न जर्नी शुल्क ₹350 रहेगा। इसी प्रकार लाइट कमर्शियल व्हीकल, लाइट गुड्स व्हीकल और मिनी बसों का टोल ₹365 से बढ़ाकर ₹380 कर दिया गया है।
बस, ट्रक और कमर्शियल वाहनों पर ज्यादा असर
दो एक्सल वाले बस और ट्रकों का सिंगल जर्नी टोल अब ₹795 होगा, जो पहले ₹765 था। वहीं तीन एक्सल वाले कमर्शियल वाहनों का शुल्क ₹830 से बढ़ाकर ₹865 कर दिया गया है। भारी निर्माण मशीनरी और चार से छह एक्सल वाले वाहनों को अब ₹1,245 चुकाने होंगे, जबकि पहले यह दर ₹1,195 थी।
ओवरसाइज वाहनों पर सबसे बड़ी बढ़ोतरी
सात या उससे अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहनों के लिए सबसे अधिक बढ़ोतरी की गई है। इनका सिंगल जर्नी टोल ₹1,455 से बढ़ाकर ₹1,515 कर दिया गया है। यानी इस श्रेणी के वाहन चालकों को अब प्रत्येक यात्रा पर ₹60 अतिरिक्त देने होंगे। रिटर्न जर्नी का शुल्क ₹2,270 तय किया गया है।
मासिक पास भी हुआ महंगा
रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए मासिक पास भी महंगा कर दिया गया है। कार चालकों का मासिक पास बढ़कर ₹7,815, लाइट कमर्शियल वाहनों का ₹12,620, दो एक्सल बस और ट्रकों का ₹26,445, तीन एक्सल वाहनों का ₹28,850, चार से छह एक्सल वाले वाहनों का ₹41,470 और ओवरसाइज वाहनों का ₹50,485 कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों को राहत जारी
हालांकि टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-व्यावसायिक वाहन मालिकों को राहत बरकरार रखी गई है। उनके लिए मासिक पास ₹360 पर ही उपलब्ध रहेगा। वहीं लुधियाना जिले में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों के लिए भी रियायती टोल दरें पहले की तरह लागू रहेंगी।
चार महीने में दूसरी बार बढ़ी टोल दरें
1 अप्रैल 2026 को भी लाडोवाल टोल प्लाजा पर टोल दरों में संशोधन किया गया था। उस समय कारों पर ₹5 की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि अब फिर ₹10 बढ़ा दिए गए हैं। लगातार दूसरी बार टोल महंगा होने से रोजाना इस मार्ग का उपयोग करने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों की लागत बढ़ने की संभावना है। परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि इसका असर माल ढुलाई की लागत और आगे चलकर बाजार में वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।



