सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
जिले के गांव तूरां में सोमवार देर रात एक युवक की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई।
सोते समय किया गया जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक वारदात देर रात करीब दो बजे हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर घर के अंदर पहुंचा और सो रहे युवक पर लगातार धारदार हथियार से हमला कर दिया। परिजनों को घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके से जुटाए जा रहे अहम सुराग
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घर से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
मृतक पर पहले दर्ज हो चुका था मामला
मृतक की पहचान मेवा सिंह निवासी गांव तूरां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में उसके खिलाफ गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
मिल में करता था नौकरी
जानकारी के अनुसार मेवा सिंह पहले गांव में सिलाई का काम करता था, लेकिन बाद में उसने यह काम छोड़कर एक निजी मिल में नौकरी शुरू कर दी थी। वह अपने पैतृक घर में रह रहा था, जहां उस पर हमला हुआ।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुराने विवाद, निजी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



