सैंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
पंजाब सरकार आज मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत राज्य की करीब 40 लाख महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता की राशि ट्रांसफर करेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान पठानकोट से डीबीटी (DBT) के जरिए योजना की राशि जारी करेंगे। पहली किस्त में तीन महीने की सहायता एक साथ लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।
₹3 हजार से ₹4,500 तक की मदद
योजना के तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 3,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये मिलेंगे। सरकार का कहना है कि राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और आसान बनी रहेगी।
72 लाख महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य
सरकार का दावा है कि फिलहाल लाखों महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है। आने वाले समय में पात्र महिलाओं की संख्या बढ़ाकर करीब 72 लाख तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया जारी रहेगी।
विपक्ष ने उठाए सवाल
योजना को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। विपक्ष का कहना है कि चुनाव से पहले शुरू की गई यह योजना राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास है। साथ ही योजना के बजट, वित्तीय बोझ और सभी पात्र महिलाओं तक लाभ पहुंचने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
महिला वोट बैंक पर नजर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने वाली योजनाएं चुनावी राजनीति में अहम भूमिका निभाती हैं। पंजाब में महिला मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए इस योजना को सरकार की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।



