Sunday, August 9, 2026
Google search engine
HomePunjabदुबई एयरपोर्ट पर गुरदासपुर का युवक अचानक लापता, लेबनान से भारत लौटते...

दुबई एयरपोर्ट पर गुरदासपुर का युवक अचानक लापता, लेबनान से भारत लौटते समय टूटा परिवार से संपर्क

सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा

गुरदासपुर। लेबनान से भारत लौट रहे गुरदासपुर के पुराना शाला क्षेत्र के रहने वाले 35 वर्षीय भूपिंदर सिंह के दुबई एयरपोर्ट से लापता होने का मामला सामने आया है। करीब सात घंटे के कनेक्टिंग स्टॉप के दौरान परिवार से उनकी आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया और युवक का कोई पता नहीं चल पाया।

12 साल से लेबनान में कर रहा था काम

परिजनों के मुताबिक भूपिंदर सिंह करीब 12 वर्ष पहले रोजगार के लिए लेबनान गया था। वहां नौकरी के दौरान वह एक हादसे का शिकार हो गया, जिसमें उसका पैर बुरी तरह चोटिल हुआ। इसके बाद उसकी चलने-फिरने की क्षमता प्रभावित हो गई। परिवार का कहना है कि दुर्घटना के बाद से वह शारीरिक परेशानी के साथ मानसिक तनाव से भी गुजर रहा था।

व्हीलचेयर पर भारत भेजने का आरोप

भूपिंदर की बहन मंदीप कौर ने आरोप लगाया कि लेबनान में जिस कंपनी के साथ उसका भाई काम करता था, उसने दुर्घटना के बाद उसकी पर्याप्त देखभाल नहीं की। परिवार के अनुसार, भूपिंदर को व्हीलचेयर की मदद से ही यात्रा करनी पड़ रही थी और इसी हालत में उसे भारत लौटने के लिए रवाना कर दिया गया।

दुबई से आई आखिरी सूचना

परिवार के अनुसार भूपिंदर 6 अगस्त की रात करीब 11 बजे लेबनान से भारत के लिए रवाना हुआ था। दुबई में उसकी फ्लाइट का करीब सात घंटे का ठहराव था। इसी दौरान उसने घरवालों को फोन किया। बातचीत में उसने बताया कि उसका पासपोर्ट कहीं गुम हो गया है और वह परेशान है। इसके कुछ देर बाद संपर्क टूट गया।

दिल्ली पहुंचा सामान, यात्री गायब

परिवार की चिंता उस समय और बढ़ गई जब दिल्ली एयरपोर्ट से उन्हें जानकारी मिली कि भूपिंदर का सामान भारत पहुंच चुका है, लेकिन वह खुद वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन दुबई एयरपोर्ट पर उसके साथ क्या हुआ, इसे लेकर लगातार परेशान हैं।

परिवार ने केंद्र सरकार से लगाई गुहार

भूपिंदर के अचानक गायब होने से उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं। परिजनों ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, दुबई स्थित भारतीय मिशन और संबंधित एयरपोर्ट अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। परिवार की मांग है कि दुबई एयरपोर्ट की सीसीटीवी फुटेज और यात्रा संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर भूपिंदर का पता लगाया जाए और उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।

SourceCNE NEWS
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments