सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
हिमाचल प्रदेश में आगामी जनगणना को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार लोगों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी, जिसके लिए विशेष पोर्टल 1 जून से सक्रिय होगा। वहीं 16 जून से सरकारी टीमें घर-घर जाकर आंकड़े जुटाने का काम शुरू करेंगी।
अधिकारियों के मुताबिक सर्वे के दौरान परिवारों से आवास, शिक्षा, रोजगार, सुविधाओं और परिवार के सदस्यों से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जा रहा है ताकि आंकड़ों को तेजी और पारदर्शिता के साथ तैयार किया जा सके।
राज्य सरकार ने कर्मचारियों को टैब और मोबाइल एप के जरिए डेटा इकट्ठा करने की ट्रेनिंग देना भी शुरू कर दिया है। प्रशासन का दावा है कि इस बार जनगणना पहले के मुकाबले ज्यादा आधुनिक और सटीक होगी।
ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को ऑनलाइन स्व-पंजीकरण के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग खुद अपनी जानकारी पोर्टल पर अपडेट कर सकें।



