सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
अमेरिका में ड्रग तस्करी के एक बड़े मामले में पंजाबी मूल के ट्रक ड्राइवर को अदालत ने 75 साल कैद की सजा सुनाई है। यह फैसला उस मामले में आया है जिसमें उसके ट्रक से करीब 234 पाउंड (106 किलोग्राम से अधिक) कोकीन बरामद की गई थी। बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10.6 मिलियन डॉलर (करीब 90 करोड़ रुपये) बताई गई है।
30 वर्षीय आरोपी को मार्च में जूरी ने नियंत्रित पदार्थों की तस्करी और बड़ी मात्रा में ड्रग्स की सप्लाई के इरादे से कब्जे में रखने का दोषी पाया था। इसके बाद हाल ही में अदालत ने सजा पर अपना अंतिम फैसला सुनाया।
मामला अप्रैल 2025 का है, जब हाईवे पर नियमित जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक को रोका था। तलाशी लेने पर ट्रक के भीतर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में कोकीन बरामद हुई। जांच एजेंसियों ने इसे क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी कोकीन बरामदगी में से एक बताया।
अदालत के आदेश के अनुसार आरोपी को 75 साल जेल में रहना होगा, जबकि करीब 55 साल तक उसे किसी प्रकार की रिहाई या राहत मिलने की संभावना नहीं है। फैसले के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



