सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
जालंधर में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बाबा खेल मोहल्ला निवासी सोहन लाल सुबह अपनी साइकिल पर फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान लैदर कॉम्प्लेक्स के पास एक गैस सिलेंडर सप्लाई वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक घायल को अपनी गाड़ी में बैठाकर वहां से ले गया।
परिजनों के अनुसार, सोहन लाल के काम पर न पहुंचने और फोन बंद आने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई। परिवार पूरे दिन अलग-अलग जगहों पर जानकारी जुटाता रहा, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। शाम के समय जालंधर कुंज क्षेत्र के पास एक सुनसान जगह से एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिवार ने शव की पहचान सोहन लाल के रूप में की।
मृतक के बेटे का आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने उनके पिता को अस्पताल नहीं पहुंचाया। परिवार का दावा है कि जब शव मिला तो उनका मोबाइल फोन, पर्स और गले में पहनी सोने की चेन भी गायब थी। उन्होंने चालक पर लूटपाट और मारपीट के आरोप लगाए हैं। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में उन्हें समय पर मदद नहीं मिली।
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद चालक घायल व्यक्ति को अपने साथ ले गया था। हालांकि उसके इरादे क्या थे और घटना के दौरान क्या हुआ, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।



