सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
जालंधर-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बिधिपुर फ्लाईओवर पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमृतसर की ओर से आ रही तेज रफ्तार इनोवा अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा में पहुंच गई और जालंधर से ब्यास की ओर जा रही स्विफ्ट कार से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में स्विफ्ट कार सवार प्रियंका शुक्ला और उनके पति सुरेंद्र शुक्ला की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य और इनोवा चालक घायल हो गए।

डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची इनोवा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनोवा कार तेज रफ्तार में अमृतसर की ओर से आ रही थी। फ्लाईओवर पर चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया, जिससे गाड़ी डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई। उसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट कार उसकी चपेट में आ गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

एसएसएफ टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सड़क सुरक्षा बल (SSF) को हादसे की सूचना मिलते ही टीम कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गई। जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान प्रियंका शुक्ला और सुरेंद्र शुक्ला ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
एक ही परिवार के कई सदस्य घायल
स्विफ्ट कार में लुधियाना के बिलासपुर क्षेत्र का एक ही परिवार सवार था। हादसे में अंशिका, अर्पिता और बुजुर्ग महिला यावंती गंभीर रूप से घायल हुई हैं। वहीं इनोवा चालक नीलम चोपड़ा को भी चोटें आई हैं, जिन्हें उनके परिजन निजी अस्पताल ले गए।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और एसएसएफ टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारु कराया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।





