लदड़ा अड्डे के पास पराली लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, पीछे से आ रहे दूसरे वाहन ने कुचला
सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
पंजाब के जालंधर के अंतर्गत मोंगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां शाम के करीब 5 बजे एक लापरवाही ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। इस मार्ग पर हुए एक भयानक एक्सीडेंट में दो युवा कबड्डी खिलाड़ियों की असमय मौत हो गई है, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मलसियां की तरफ से अपने गांव लौट रहे थे।
अचानक सामने आई ट्रॉली बनी काल
यह दर्दनाक हादसा उस समय घटित हुआ जब लदड़ा अड्डे के पास पहले से खड़ी पराली से ओवरलोड एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने बिना पीछे देखे अचानक लापरवाही से अपने वाहन को मेन रोड पर ला खड़ा किया। पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवार युवाओं को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी मोटरसाइकिल सीधे ट्रॉली में लदी पराली की बड़ी गांठों से जा भिड़ी।
सड़क पर गिरते ही दूसरी ट्रॉली ने कुचला
भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ते ही तीनों युवक नेशनल हाईवे की सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ठीक पीछे से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार ट्रॉली ने सड़क पर गिरे इन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दोहरे हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से चोटिल हो गया, जो इस समय अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है।
मृतक और घायल युवकों का विवरण
इस दर्दनाक हादसे का शिकार हुए मृतकों की शिनाख्त 16 साल के हरजोत सिंह और 23 साल के गुरदीप सिंह दीपा के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए उनके 17 वर्षीय पक्के दोस्त हरदीप सिंह को नाजुक हालत में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।



