सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
नूरमहल के मॉडल टाउन क्षेत्र में 35 वर्षीय विवाहिता की आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
14 साल पहले हुआ था विवाह
मृतका की पहचान सरबजीत कौर के रूप में हुई है। उसके भाई जयचंद, निवासी गुरु रविदास नगर, बूटा मंडी (जालंधर) ने बताया कि सरबजीत का विवाह वर्ष 2012 में नूरमहल निवासी बलविंदर कुमार के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं, जो अभी नाबालिग हैं।
परिजनों ने लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप
मृतका के भाई का आरोप है कि विवाह के बाद से ही सरबजीत को ससुराल में आए दिन परेशान किया जाता था। परिवार का कहना है कि पति, सास, ससुर और ननद के साथ चल रहे विवादों के कारण वह मानसिक तनाव में रहती थी। उनका आरोप है कि इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
मायके पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
जांच के बाद होगी अगली कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



