CENTRE NEWS EXPRESS (12 FEBRUARY DESRAJ)
इन दिनों भारत में टी20 विश्व कप की धूम है. भारत अपना पहला मैच जीत चुका है. उसे दूसरे ग्रुप स्टेज मुकाबले में 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ना है. यह मुकाबला उस अनलकी बल्लेबाज की कहानी बदल सकता है, जो बिना एक भी रन बनाए खिताब जीत चुका है. 2024 में वो टीम इंडिया का हिस्सा था और इस बार भी मेन इन ब्लू के साथ है. पहले मुकाबले में वो प्लेइंग 11 से बाहर था, लेकिन नामीबिया के खिलाफ कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव उसे मौका देकर अजीब इत्तेफाक वाली कहानी बदल सकते हैं. अब सवाल ये है कि आखिर ये बल्लेबाज है कौन? जिसने ना तो रन बनाया, ना एक भी कैच लपका और फिर भी हाथ में वर्ल्ड कप ट्रॉफी आई. ऐसा रिकॉर्ड वर्ल्ड क्रिकेट में बेहद कम ही देखने को मिलता है.
यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है, वो कोई और नहीं बल्कि संजू सैमसन हैं. सैमसन वही खिलाड़ी हैं, जो 2024 में भारत की वर्ल्ड कप विनर टीम का हिस्सा थे, लेकिन अफसोस उन्हें एक भी मैच में मौका नहीं मिला था. बतौर विकेटकीपर-बैटर पिछली बार ऋषभ पंत को खिलाया गया था. संजू पूरे सीजन बेंच पर थे. टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को मात देकर खिताब जीत लिया था.
इस बार भी संजू को टीम इंडिया में मौका मिला है. वो प्रमुख विकेटकीपर-बैटर के तौर पर चुने गए थे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में खराब फॉर्म के चलते उन्हें पहले मैच से बाहर रहना पड़ा. ईशान किशन ने कमाल का कमबैक करके अभिषेक शर्मा के जोड़ीदार के रूप में ओपनिंग की थी.
गंभीर-सूर्या बदल सकते हैं कहानी
संजू सैमसन के साथ जैसा 2024 में हुआ था, क्या वैसा ही 2026 में होने वाला है? इस सवाल का जवाब टी20 विश्व कप 2026 के बाद मिलेगा, क्योंकि ये कंफर्म नहीं है कि वो प्लेइंग 11 में खेलेंगे या नहीं, क्योंकि पहले मुकाबले में संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली. हालांकि नामीबिया के खिलाफ दूसरे मुकाबले में कोच गंभीर और कप्तान सूर्या ये कहानी बदल सकते हैं. संजू को मौका मिल सकता है. अगर उन्हें मौका मिलता है, तो फिर संजू बिना खेले दो बार वर्ल्ड कप चैंपियन बनने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल होने से चूक सकते हैं.
नामीबिया के खिलाफ खत्म होगा इंतजार?
नामीबिया के खिलाफ संजू को मौका मिल सकता है. इसके पूरे चांस हैं, क्योंकि अभिषेक शर्मा और ईशान किशन दोनों के खेलने पर सस्पेंस है. अभिषेक शर्मा का पेट ठीक नहीं था, वो अस्पताल में एडमिट हुए और छुट्टी लेकर लौटे हैं, जबकि प्रैक्टिस मैच में ईशान किशन को चोट लग गई है. वो दर्द से कराहते दिखे थे. जसप्रीत बुमराह की एक यॉर्कर ने उन्हें दर्द से तड़पा दिया था. यही वजह है कि नामीबिया के खिलाफ आज होने वाले मुकाबले में संजू सैमसन को मौका मिलने की अटकलें तेज हो गई हैं. अगर ऐसा होता है, तो यह संजू सैमसन के लिए टी20 वर्ल्ड कप में पहला मौका होगा और वहीं से उनकी ‘अनलकी’ कहानी का अंत भी हो सकता है.



