सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज
माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए दिल्ली से रवाना हुई श्रद्धालुओं से भरी एक वॉल्वो बस पंजाब के राजपुरा इलाके में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। देर रात हुए इस हादसे में बस आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। करीब 15 श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल यात्रियों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



