सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा
राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह और डॉ. अशोक मित्तल ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। हाल ही में राज्यसभा पहुंचे नए सांसदों के लिए आयोजित परिचयात्मक कार्यक्रम के दौरान हुई इस मुलाकात में राष्ट्रीय विकास, युवाओं और खेल क्षेत्र से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद हरभजन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री से संवाद हमेशा नई सोच और प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान देश में खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, युवाओं की प्रतिभा को बेहतर अवसर देने और भारत की प्रगति को गति देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली और सरल व्यक्तित्व की भी सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. अशोक मित्तल ने प्रधानमंत्री को पंजाब की प्रसिद्ध पारंपरिक कला ‘फुलकारी’ भेंट की। उन्होंने कहा कि यह उपहार पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और प्रदेश के लोगों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में जनप्रतिनिधि अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाएंगे।
दोनों सांसदों ने मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की विकासोन्मुख नीतियां और प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।



