Wednesday, May 27, 2026
Google search engine
HomeCrime18 साल के युवक पर जानलेवा हमला, जिम से लौटते समय कार...

18 साल के युवक पर जानलेवा हमला, जिम से लौटते समय कार रोक बरसाईं गोलियां; मां बोलीं- पुराने विवाद में बेटे को बनाया निशाना

सेंटर न्यूज एक्सप्रेस। देसराज भुट्टा

जालंधर के रामामंडी इलाके में मंगलवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब जिम से घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक पर अज्ञात हमलावरों ने सरेआम फायरिंग कर दी। वारदात इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घायल युवक की पहचान सूची पिंड निवासी अनमोल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात अपनी स्विफ्ट कार में घर लौट रहा था। जैसे ही वह रामामंडी क्षेत्र में अमरीक सिंह की चक्की के पास पहुंचा, तभी बाइक पर आए युवकों ने उसकी कार के आगे मोटरसाइकिल लगा दी। कुछ सेकेंड बाद ही हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक गोली युवक के गले के पास लगी, जबकि दूसरी कार में जा धंसी। हमला होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल हालत में युवक कार से नीचे गिर पड़ा। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही युवक के दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस, सीआईए टीम, फॉरेंसिक विभाग और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोल बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने कार और सड़क से सैंपल इकट्ठे कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

घायल युवक की मां बलजीत कौर ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके बेटे का नाम पहले एक मर्डर केस में डाला गया था, जिसके बाद से कुछ लोग उससे दुश्मनी रखने लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने मिलकर उनके बेटे को रास्ते में घेरकर गोलियां चलाईं। मां के मुताबिक बेटे ने जान बचाने के लिए कार भगाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर हमला कर दिया।

वहीं ज्वाइंट सीपी संदीप वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा दिखाई दे रहा है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

SourceCNE NEWS
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments